शिमला। नगर निगम की सख्ती के बावजूद तहबाजारी मनमानी कर रहे हैं। कुछ तहबाजारी बुधवार शाम कालीबाड़ी के पास मालरोड पर पहुंच गए। यहां चादर बिछाकर सड़क पर ही दुकानें सजा दीं। इसी दौरान नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान पार्षदों के साथ यहां से गुजर रहे थे। इनकी नजर सड़क पर बैठे इन तहबाजारियों पर पड़ी। महापौर ने गाड़ी रुकवा दी। गाड़ी से उतरकर तहबाजारियों से पूछा कि यहां किसकी अनुमति से सामान बेच रहे हैं। तहबाजारी सामान समेटने लगे। इनसे पहचानपत्र दिखाने को कहा तो जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद महापौर ने इनकी दुकानें यहां से हटवा दीं। साथ ही चेतावनी दी कि चिह्नित स्थानों पर ही दुकानें लगाई जाएं। मालरोड पर ऐसी मनमानी नहीं चलेगी। कालीबाड़ी मंदिर के पास मालरोड सड़क पर रोजाना शाम 6:00 बजते ही तहबाजारी सामान सजा देते हैं। पहले भी इनकी शिकायतें निगम को मिल चुकी हैं। ब्यूरो