आयकर विभाग की छापेमारी जारी है। शुक्रवार को आयकर टीमों ने हिमाचल के तीन जिलों में छापेमारी कर रिकॉर्ड कब्जे में लिया है। विभाग के पालमपुर मंडी रेंज के अप्पर आयुक्त की अगुवाई में शुक्रवार को भी छापामारी की मुहिम जारी रही। विभाग ने जिला हमीरपुर के एक और मंडी के 2 व्यापारिक संस्थानों में छापे मारे। इससे पहले विभाग ने वीरवार को ऊना, पालमपुर और नूरपुर में छापामारी की थी।
हालांकि, आयकर विभाग ने अभी यह खुलासा नहीं किया कि छापामारी में क्या मिला है। हमीरपुर और मंडी में विभाग की कार्रवाई से दुकानदारों और अन्य संस्थान मालिकों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों की मानें तो विभाग ने यह कार्रवाई नोटबंदी में जमा हुए पैसे को लेकर शुरू की है। नोटबंदी में कई संस्थानों और लोगों की ओर से की गई जमाखोरी की डिटेल विभाग को मिल चुकी है।
इस पर सामने आए गंभीर मामलों में विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नोटबंदी के दौरान लोगों के पैसे जमा करने के दौरान कुछ बैंकों की भी कोताही देखने को मिल रही है। इसमें उनके गलत पैन नंबर का उल्लेख करने से विभाग को भी परेशानी के दौर से गुजरना पड़ रहा है।
आयकर विभाग के अप्पर आयुक्त एनआर कपूर ने बताया कि आयकर विभाग अभी तक के हुए व्यापारिक संस्थानों के सर्वे के तहत उनके रिकॉर्ड खंगाल रहा है। विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।