पटसारी में लोक निर्माण विभाग की जमीन पर किया था कब्जा
पुलिस के साथ मिलकर विभाग ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने रोहड़ू के पटसारी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने अवैध ढाबे को ध्वस्त करवाया है। अफीम रखने के मामले में गिरफ्तार आरोपी अर्जुन पाल ने लोक निर्माण विभाग की जमीन पर कब्जा कर अस्थायी ढाबा बनाया था। मामले की जांच के दौरान इसका पता चलने के बाद पुलिस ने संबंधित विभाग के साथ मामला उठाया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को हटा दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अर्जुन पाल पुत्र विजय सिंह निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा को रोहड़ू में 108 ग्राम अफीम रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में स्वापक औषधि एवं मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 18 में मामला दर्ज है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से संबंधित राजस्व अभिलेखों की पड़ताल की। इसमें सामने आया कि पटसारी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर अस्थायी ढाबा और रेस्तरां चलाया जा रहा है।