दोनों अस्पतालों के छुट्टी पर गए आधे डॉक्टरों के ड्यूटी पर लौटते ही हर ओपीडी के बाहर लगी रही मरीजों की लाइनें
विज्ञापन
आईजीएमी में 2500 से अधिक ने करवाया चेकअप
चमियाना में एक हजार से अधिक लोग पहुंचे डॉक्टरों के पास
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। आईजीएमसी में 25 सौ से अधिक लोगों ने ओपीडी में चेकअप करवाया।
चमियाना अस्पताल में रात करीब आठ बजे तक न्यूरोलॉजी की ओपीडी चली। आलम यह था कि सुबह 11 बजे पर्ची बनाने वालों का ओपीडी में नंबर दोपहर तीन और साढ़े तीन बजे तक आया। चमियाना में एक हजार से अधिक मरीजों ने चेकअप करवाया। दोनों अस्पतालों के डेढ़ सौ से अधिक डॉक्टर एक माह से सर्दियों के अवकाश पर चल रहे थे। सोमवार को यह चिकित्सक ड्यटी पर लौट आए, इस कारण मरीजों की संख्या भी बढ़ गई। कमला नेहरू अस्पताल में भी चिकित्सक ड्यूटी पर लौट आए हैं। शेड्यूल के अनुसार वरिष्ठ संकाय सदस्य चिकित्सक तय किए दिनों के हिसाब से अब ओपीडी में उपलब्ध रहेंगे। सभी कंसल्टेंट डॉक्टरों के ड्यटी पर लौटने से अब शहर के तीनों स्वास्थ्य संस्थानों में शैक्षणिक, ओपीडी और वार्डों के साथ सर्जरी का कार्य भी रफ्तार पकड़ेगा।
कमला नेहरू अस्पताल की गायनी और ओबीजी ओपीडी में महिला मरीजों की भारी भीड़ थी। एमएस डाॅ. सुंदर सिंह नेगी ने कहा कि चिकित्सकों के लौटने के साथ सोमवार से ओपीडी में मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। ओपीडी में वरिष्ठ चिकित्सक अन्य चिकित्सकों के साथ उपलब्ध रहे। आईजीएमसी के न्यू ओपीडी ब्लॉक में भी मेडिसिन, बाल रोग, ऑर्थो पेडिक्स, नेत्र, ईएनटी, मनोरोग सहित सभी विभागों में अन्य दिनों की तुलना में मरीजों की संख्या अधिक नजर आई। एमएस डाॅ. राहुल राव ने कहा कि अवकाश पर गए आधे चिकित्सकों के लौट जाने के बाद अब रूटीन में पहले की तरह ओपीडी में चिकित्सक बैठेंगे। चमियाना अस्पताल के प्राचार्य डाॅ. बृज शर्मा ने कहा कि चिकित्सक लौट आए हैं। ओपीडी में अस्पताल के तय शेड्यूल के अनुसार चिकित्सक ओपीडी में उपलब्ध रहेंगे।