पावनी का सिंक्रोनाइज्ड स्केटिंग टीम में चयन संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के शिमला आइस स्केटिंग क्लब के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप में क्लब के कई खिलाड़ियों ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंडर-15 और अंडर-18 वर्ग में वैष्णवी कुठियाला, अंडर-18 वर्ग में आदित्य वर्मा, स्ताव्या पंडित और अग्नेय सिंह ग्रोवर, जबकि सीनियर वर्ग में प्रणव डोगरा, अभिमन्यु शर्मा और गमनदीप सिंह ने हिस्सा लिया। क्लब के अध्यक्ष मनप्रीत सिंह सैंबी ने बताया कि युवा स्पीड स्केटर्स तेजस्वी कुठियाला और समर्थ अत्री ने देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों का चयन अब देहरादून में होने वाली एशियन स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। प्रतियोगिता से पहले दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में एक माह के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे।
वहीं फिगर स्केटर पावनी कुठियाला का चयन सिंक्रोनाइज्ड स्केटिंग टीम के लिए हुआ है। हाल ही में इस स्पर्धा को शीतकालीन ओलंपिक में शामिल किया है। पावनी इन दिनों बैंकॉक में आयोजित उन्नत प्रशिक्षण शिविर में टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं। इसके अलावा सीनियर खिलाड़ी प्रणव डोगरा का चयन आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में आयोजित रेफरी डेवलपमेंट कैंप के लिए किया है। इसी तरह गमनदीप सिंह अगले महीने दक्षिण कोरिया में होने वाले गोलकीपर कोचिंग कैंप में भाग लेंगे।