हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की यूजी डिग्री कोर्स की शुक्रवार से पांचवें सेमेस्टर की रेगुलर पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की रि-अपीयर और ईयर सिस्टम की कंपार्टमेंट परीक्षाएं शुरू हुईं। पूरे प्रदेश भर में 153 स्थापित किए गए परीक्षा केंद्रों में यह परीक्षा हुई। एक ही दिन दो परीक्षाएं आने से विद्यार्थी असमंजस में रहे।18 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे से शाम पांच बजे तक 5वें सेमेस्टर की रेगुलर इंग्लिश की परीक्षा और तीसरे सेमेस्टर की रि-अपीयर संस्कृत की परीक्षा एक साथ रखी गई थी जिस कारण सुंदरनगर के एमएलएसएम कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी परेशान हुए, वे दोनों में से एक ही परीक्षा दे पाए।
एबीवीपी की कॉलेज इकाई के अध्यक्ष रुपेंद्र ठाकुर ने बताया कि परीक्षार्थियों ने परीक्षा क्लैश होने का मामला परीक्षा केंद्र अधिक्षक और कॉलेज प्राचार्य को दी, लेकिन इसका कोई समाधान नहीं हुआ। वहीं कॉलेज प्रशासन ने मामला विवि के समक्ष भी उठाया, लेकिन इसका कोई समाधान नहीं किया गया। विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने बताया कि पहले दिन किसी भी केंद्र से कोई बड़ी शिकायत नहीं मिली है। सुंदरनगर कॉलेज में पेश आए परीक्षा क्लैश के मामले पर डॉ. नेगी ने कहा कि यह उनके ध्यान में नहीं आया है।
अब 23 अक्तूबर से शुरू होगी एमफिल की काउंसलिंग
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय पूर्व में 21 अक्तूबर से तय की गई एमफिल की काउंसलिंग को 23 अक्तूबर से करेगा। काउंसलिंग के शेड्यूल में किए गए बदलाव को लेकर पूरी जानकारी विवि की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाई गई है। विवि की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विधानसभा उप चुनाव के चलते एमफिल, एलएलएम के काउंसलिंग शेड्यूल में बदलाव किया गया। वहीं विश्वविद्यालय ने यूजी की सेमेस्टर और ईयर सिस्टम की कंपार्टमेंट परीक्षा के शेड्यूल में भी क्लैश को लेकर मिली आपत्तियों को देखते हुए कुछ बदलाव किया गया है। संशोधित विषयों के परीक्षा शेड्यूल को विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है।