चंडीगढ़, दिल्ली से शिमला पहुंचे हैं टूरिस्ट
शिमला। वीकेंड पर भारी संख्या में सैलानियों ने शिमला का रुख किया। चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से बड़ी संख्या में शनिवार को सैलानी शिमला पहुंचे। वीकेंड पर शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी 70 से 80 फीसदी पहुंच गई। शनिवार को रिज मैदान और मालरोड पर पूरे दिन सैलानियों की भारी भीड़ रही।
सैलानियों ने रिज पर घुड़सवारी और फोटोग्राफी का आनंद लिया। शिमला के अलावा आसपास के पर्यटन स्थलों मशोबरा, नालदेहरा, कुफरी और नारकंडा का भी सैलानियों ने रुख किया। इस वीकेंड के लिए शहर के होटलों में करीब 40 से 50 फीसदी कमरे एडवांस बुक हो चुके थे। बड़ी संख्या में वॉकइन टूरिस्ट भी शनिवार को शिमला पहुंचे। सर्कुलर रोड पर लिफ्ट कार पार्किंग दो बजे पैक हो गई, जिसके बाद सैलानियों ने सर्कुलर रोड पर यहां वहां गाड़ियां खड़ी कर दीं जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या भी पेश आई। सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली लिफ्ट में भी दोपहर बार सैलानियों की भीड़ रही। टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन शिमला के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने बताया कि वीकेंड पर शहर के होटलों में करीब 70 से 80 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही है। चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से बड़ी संख्या में टूरिस्ट शिमला पहुंचे हैं।