10 दिन के भीतर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दो महीने की पेंशन मिल जाएगी।
विधायकों के वेतन-भत्तों में वृद्धि के चौतरफा विरोध के बीच सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के करीब 4200 पेंशनरों को लोन लेकर दो महीने की पेंशन देने का फैसला लिया है। 10 दिन के भीतर इन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दो महीने की पेंशन मिल जाएगी।
सेवानिवृत्त कर्मियों को दिसंबर, 2015 से लेकर अब तक पेंशन नहीं मिली है। निगम प्रबंधन दो महीने की पेंशन एकमुश्त देगा जबकि अन्य दो महीने की पेंशन बाद में दी जाएगी। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने शुक्रवार को पेंशन रिलीज करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार से पेंशन देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जेसीसी बैठक 18 को
एचआरटीसी कर्मियों की जेसीसी बैठक 18 अप्रैल को होगी। इसमें तकनीकी कर्मियों के अलावा स्टोर कर्मियों के आरएंडपी नियमों में संशोधन का मामला उठाया जाएगा। परिवहन तकनीकी कर्मचारी महासंघ के उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि जेसीसी की बैठक में समिति इस मांग को प्रमुखता से उठाएगी।