परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि एचआरटीसी में अनुबंध आधार पर सेवाएं दे रहे पीस मील कर्मियों की सेवाएं तीन वर्ष का अनुबंध कार्यकाल पूरा करने पर नियमित की जाएंगी।
इसके अलावा पीस मील वर्करों को अनुबंध सेवा में लेने की अवधि को भी घटाया गया है। उन्होंने कहा कि आईटीआई डिप्लोमा धारक पीस मील वर्कर 5 साल की बजाय अब 4 साल में, जबकि अन्य पीस मील वर्कर 6 साल की बजाय 5 साल में अनुबंध सेवा में लाए जाएंगे।
परिवहन मंत्री ने कांगड़ा में निफ्ट के कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत बताया कि एचआरटीसी के पेंशनर्स को दो माह की पेंशन के लिए 18 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए एचआरटीसी पहले चरण में 200 सुपर लग्जरी, वातानुकूलित एवं डीलक्स बसों में प्वाइंट ऑफ सेल मशीनें लगवा रहा है।
इसके उपरांत लंबी दूरी की सामान्य बसों में यह सुविधा दी जाएगी। इनसे यात्री क्रेडिट अथवा डेबिट कार्ड से टिकट खरीद सकेंगे। इसके लिए उन्हें कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करना होगा।