एचआरटीसी की टाटा मारकोपोलो (नीली) बस धू-धू कर जल गई। बस के ड्राइवर ने भागकर जान बचाई। शिमला टूटीकंडी आईएसबीटी के पास एचआरटीसी की टाटा मारकोपोलो (नीली) बस धू-धू कर जल गई। बस अणु से सवारियों को लेकर ओल्ड बस स्टैंड पहुंची थी।
सवारियां उतारने के बाद बस अगले रूट पर रवाना होने से पहले आईएसबीटी जा रही थी। आईएसबीटी पहुंचने से पहले बस में कुछ जलने की गंध आई। बस के ड्राइवर धर्म प्रकाश ने बस स्टैंड से 100 मीटर पहले गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर दिया।
जलने की गंध बढ़ने पर ड्राइवर ने बस से बैटरी का प्लग अलग कर दिया ताकि गाड़ी को नुकसान न पहुंचे। लेकिन तभी गाड़ी के बोनट से धुआं उठना शुरू हो गया। धुआं उठता देख ड्राइवर तुरंत बस से उतर गया।
इसके बाद देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जल उठी। चालक ने बस में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग और एचआरटीसी के कंट्रोल रूम में दी।