हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बोर्ड ऑफ डायरेक्ट (बीओडी) की बैठक 11 जुलाई को होनी तय हुई है। इसमें कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने की मंजूरी मिलेगी। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन, ग्रेच्युटी और चालक परिचालकों को ओवर टाइम की राशि के भुगतान पर मोहर लग सकती है।
बैठक की अध्यक्षता परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर करेंगे। परिवहन निगम की बैठक करीब पांच महीने बाद हो रही है। निगम कर्मचारियों इससे काफी आस लगाए हुए हैं।
निगम के कर्मचारी दिन-रात सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन निगम प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को न तो वित्तीय लाभ जारी हो रहे हैं और न ही समय पर चिकित्सा बिलों का भुगतान हो रहा है। पेंशनरों को भी पेंशन के लिए प्रदर्शन तक करने पड़ रहे हैं।
रिक्त पदों को भरने की मिलेगी मंजूरी
एचआरटीसी में सैकड़ों पद रिक्त चल रहे है। दफ्तरों में बैठे चालकों-परिचालकों को फील्ड में उतारा जा रहा है। ऐसे में इनके स्थान पर रिक्त पदों को भरा जाना है। ऐसे में निगम से 200 के करीब लिपिक और अन्य कर्मचारियों के पदों को भरने की मंजूरी मिल सकती है।