यूएनएचआरसी श्रेणी में कनिका शर्मा रहीं प्रथम संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (यूआईएलएस) के विद्यार्थियों ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में आयोजित पीयू एमयूएन एवं यूथ पार्लियामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधिमंडल का खिताब जीता है। चंडीगढ़ यूथ सर्किट की ओर से आयोजित सम्मेलन में विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) श्रेणी में कनिका शर्मा ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया जबकि श्रेया मोहन शर्मा को ऑनरेबल मेंशन मिला। अखिल भारतीय राजनीतिक दलों की बैठक (एआईपीपीएम) में आयुष मलिक ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। आयुष बंसल को ऑनरेबल मेंशन तथा कनिष्क राणा और सिया मान को वर्बल मेंशन से सम्मानित किया गया। लोकसभा श्रेणी में ज्योति ने ऑनरेबल मेंशन हासिल किया। अंतरराष्ट्रीय प्रेस श्रेणी में आइशा सिंह को पत्रकारिता के लिए गोल्डन इंक अवॉर्ड और उदय सिंह चंदेल को सिल्वर इंक अवॉर्ड मिला। फोटोग्राफी में निश्चय गुलेरिया को ऑनरेबल मेंशन प्रदान किया गया। उदय सिंह चंदेल और आयुष मलिक का सम्मेलन के लिए कैंपस एंबेसडर के रूप में चयन भी हुआ। इस उपलब्धि के बाद विद्यार्थियों ने यूआईएलएस के निदेशक प्रो. शिवकुमार डोगरा और अन्य शिक्षकों के साथ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह से मुलाकात की।