समारोह में विवि के 50 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के विद्यार्थियों ने युवा महोत्सव समूह-दो में शानदार प्रदर्शन कर 10 में से नौ विधाओं में पुरस्कार हासिल किए हैं। हमीरपुर महाविद्यालय में आयोजित महोत्सव में प्रदेश के करीब 40 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें एचपीयू के संगीत विभाग सहित अन्य विभागों के करीब 50 विद्यार्थियों ने विभिन्न संगीत एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में एचपीयू के विद्यार्थियों ने लोक गायन एकल में पहला स्थान हासिल किया। सितार वादन, फोक ऑर्केस्ट्रा और पश्चिमी एकल गायन में दूसरा स्थान मिला। शास्त्रीय गायन, पश्चिमी समूह गायन, पश्चिमी वाद्ययंत्र एकल, तबला वादन और भारतीय समूह गायन में तीसरा स्थान प्राप्त किया। दस में से नौ विधाओं में पुरस्कार मिलने से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीत और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सफलता के बाद विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ कुलपति प्रो. महावीर सिंह से मुलाकात की।
कुलपति ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों, संगीत विभाग के शिक्षकों और अधिष्ठाता छात्र कल्याण की टीम को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी लगन के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. आरएल जिंटा, संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. जेआर शर्मा, श्री गीता राम, डॉ. मृत्युंजय शर्मा, डॉ. कीर्ति गर्ग और डॉ. मदन झाल्टा सहित विभाग के शिक्षक और प्रतिभागी विद्यार्थी मौजूद रहे।