हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की तीन मार्च से पीजी डिग्री कोर्स की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। वहीं अप्रैल माह में होने वाली यूजी डिग्री कोर्स की परीक्षा के रोलनंबर कॉलेज और संस्थानों से इंटरनल असेसमेंट आने के बाद ही ऑनलाइन जेनरेट होंगे। विवि इस बार इन दोनों डिग्री कोर्स की शुरू हो रही परीक्षाओं में इस नियम को सख्ती से लागू करने जा रहा है। इंटरनल असेसमेंट न आने पर कॉलेज और संस्थान ही जिम्मेदार होगा।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने विवि के सभी पीजी कोर्स करवा रहे विभागों, कॉलेजों और संस्थानों सहित इक्डोल निदेशक को इस संदर्भ में पुन: सूचित कर बिना समय गवांए परीक्षा के लिए पात्र छात्रों के इंटरनल असेसमेंट अवार्ड अपलोड करने के लिए कहा है। मामला प्रदेश भर के करीब दो लाख से अधिक छात्र-छात्राओं से जुड़ा है, इसलिए विवि प्रशासन इसको लेकर गंभीर है।
छात्रों के परीक्षा के बाद इंटरनल असेसमेंट के बाद परिणाम न अटके और उन्हें कोई परेशानी पेश न आए इसके लिए ऑनलाइन सिस्टम में यह नई व्यवस्था सख्ती से लागू की जा रही है। विश्वविद्यालय के परीक्षा प्रणाली को लागू की गई ऑनलाइन प्रक्रिया में छात्रों के ऑनलाइन भरे गए परीक्षा फार्म में कॉलेज छात्र की पात्रता को देख कर ऑनलाइन अप्रूव करना होता है। फार्म ऑनलाइन विवि को मिल जाने के बाद कॉलेजों को हर छात्र का इंटरनल असेसमेंट अवार्ड ऑनलाइन ही अपने लागइन आईडी से अपलोड करना होता है।
इसके अपलोड होने के बाद विवि की बनाए गए सॉफ्टवेयर के तहत छात्र को उसके लागइन आईडी पर उसका परीक्षा रोलनंबर जेनरेट होता है। विवि की 3 मार्च से 42 केंद्रों में शुरू हो रही परीक्षाओं में करीब 60 हजार छात्र जबकि अप्रैल माह में होने वाली यूजी की परीक्षाओं में डेढ़ लाख विद्यार्थी अपीयर होने हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि इंटरनल असेसमेंट के अवार्ड प्राप्त होने के बाद ही विवि से ऑनलाइन परीक्षा रोलनंबर जारी होंगे।