हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय दूरवर्ती शिक्षा एवं मुक्त अध्ययन केंद्र के विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। एचपीयू ने (इक्डोल)में छात्रों के लिए पर्सनल कांटेक्ट प्रोग्राम, लैब प्रैक्टिकल और वाइवा के साथ परीक्षा के दौरान छात्रावास की सुविधा शुरू हो चुकी है।
यह इक्डोल से पढ़ाई करने वाले हजारों छात्रों के लिए बड़ी राहत है। न्यायालय के फैसले में यह राहत दी गई है। विवि प्रशासन ने पंद्रह साल से कब्जाए इक्डोल छात्रावास के तीन फ्लोर को खाली कर दिया है। इसमें एक साथ 75 लड़के और 75 लड़कियों के ठहरने की व्यवस्था कर दी गई है।
पीजीडीसीए के पीसीपी के लिए आए छात्रों को छात्रावास आवंटित भी कर दिए गए हैं। न्यूनतम 150 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से ठहरने का न्यूनतम शुल्क तय किया गया है। खाने-पीने की व्यवस्था के लिए इक्डोल प्रशासन ने परिसर में बनी कैंटीन में प्रति डाइट मनी तय कर दी है।
छात्रों की देखरेख को वार्डन की नियुक्ति
वहीं छात्रों की देखरेख को वार्डन की नियुक्ति भी कर दी है। 21 जुलाई को दिए गए फैसले पर विवि प्रशासन ने इक्डोल के इस बहुमंजिला भवन के तीन फ्लोर को इक्डोल छात्रावास के लिए खाली करवा दिया है। इसमें 15 साल तक विवि का आईटीएच छात्रावास चल रहा था।
छात्राओं को अन्य छात्रावासों में शिफ्ट कर दिया गया है। भवन की शेष मंजिलों में विवि के चल रहे कार्यालयों को खाली करवाने के लिए कोर्ट के आगामी आदेशों का इंतजार रहेगा।
शेष हाल और कमरे मिल जाने पर इक्डोल छात्रों को और अधिक संख्या में छात्रावास में ठहरने की सुविधा नसीब हो सकेगी। वर्तमान में इक्डोल में सभी तरह के कोर्स में करीब 40 हजार छात्र पंजीकृत हैं।
1.37 करोड़ खर्च कर बना है इक्डोल हॉस्टल
वर्ष 2002 में इक्डोल के स्टूडेंट फंड से 1.37 करोड़ की राशि खर्च कर छात्रावास भवन का निर्माण किया गया था। तब से लेकर आज तक इसमें छात्रों के ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं थी।
इसमें विवि का गर्ल्स हॉस्टल और परीक्षा विंग, डीडीयू चैयर और उप निदेशक शारीरिक शिक्षा का कार्यालय चल रहा था। इसमें छात्रावास शिफ्ट कर दिया गया है। छात्र की याचिका पर कोर्ट ने विवि को तुरंत छात्रों को छात्रावास सुविधा देने के आदेश दिए थे।
छात्रों के लिए शुरू की सुविधा : वैद
इक्डोल के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार वैद ने कहा कि छात्रावास की सुविधा शुरू कर दी गई है। 150 छात्र और छात्राओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। ऑफ सीजन में परीक्षा संबंधित कार्य करवाने आने वाले इक्डोल छात्रों को भी छात्रावास आवंटित किए जा सकते हैं। पीसीपी से एक दिन पहले और पूरे होने के एक दिन बाद तक छात्रावास सुविधा दी जाएगी।