एसआईटी ने पोस्ट कोड 817 जेओए आईटी, पोस्ट कोड 970 जेई सिविल और पोस्ट कोड 915 सहायक जेल अधीक्षक एवं कल्याण अधिकारी मामले की जांच पूरी हो चुकी है। तीनों मामलों में एफआईआर दर्ज करने के लिए भी एसआईटी ने सरकार से मंजूरी मांगी है।
पोस्ट कोड 977 के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड में मार्केट सुपरवाइजर और पोस्ट कोड 899 हिमाचल प्रदेश कृषि विपणन समिति हमीरपुर में ऑक्शन रिकॉर्डर मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए सरकार से मंजूरी मांगी गई है। खास बात यह है कि मार्केट सुपरवाइजर और ऑक्शन रिकॉर्डर भर्ती में मुख्य आरोपी उमा आजाद का बड़ा बेटा नितिन आजाद टॉपर रहा है।
भंग कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सचिव एवं पेपर लीक मामले में आरोपी एचएएस अधिकारी डॉ. जितेंद्र कंवर की जमानत पर सोमवार को हमीरपुर न्यायालय में सुनवाई होगी। पूर्व सचिव को पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी पेपर लीक मामले में आरोपी बनाया गया है। एसआईटी बहुत जल्द उन्हें अन्य पेपर लीक मामलों में भी आरोपी बनाने जा रही है। आयोग में वह सचिव के अलावा परीक्षा नियंत्रक और कस्टोडियन भी थे। वहीं पोस्ट कोड 939 जेओए आईटी पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी उमा आजाद की भांजी ममता उर्फ सोनिया और दलाल सोहन, सोहन की पत्नी शैलजा की न्यायिक हिरासत 9 मई को खत्म हो रही है। एसआईटी मंगलवार को इन तीनों आरोपियों को दोबारा न्यायालय में पेश करेंगे।