हिमाचल प्रदेश कृषि एवं विपणन बोर्ड में नीलामीकर्ता की भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब एसआईटी नामजद तीनों आरोपियों से पूछताछ करेगी। मुख्य आरोपी उमा आजाद और उसके बेटे नितिन आजाद को पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है, जबकि आरोपी पूर्व सचिव को भी विजिलेंस थाना हमीरपुर में पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा। उमा और नितिन न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं।
पूर्व सचिव एवं आरोपी एचएएस अधिकारी डॉ. जितेंद्र कंवर जमानत पर रिहा हो चुके हैं। एसआईटी ने बीते शुक्रवार को पोस्ट कोड 899 नीलामीकर्ता की भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पेपर लीक मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ होगी।
पूछताछ करने के लिए एसआईटी को सबसे पहले न्यायिक हिरासत में चल रहे आरोपियों को न्यायालय से पुलिस हिरासत में लेने की अर्जी देनी पड़ेगी। हालांकि एसआईटी पूछताछ के लिए पूर्व सचिव को नोटिस भेजकर भी विजिलेंस थाना हमीरपुर में तलब कर सकती है। 23 दिसंबर 2022 को पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में विजिलेंस थाना हमीरपुर में पहली एफआईआर दर्ज हुई थी।
उसके बाद एक-एक करके सिलसिलेवार नौ भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में सामने आ चुके हैं और कुल आठ विभिन्न एफआईआर में 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसमें कला अध्यापक भर्ती, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, कंप्यूटर ऑपरेटर, जूनियर ऑडिटर भर्ती परीक्षा समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामले प्रमुख हैं।
उधर, एसपी विजिलेंस राहुल नाथ ने कहा कि उमा आजाद और नितिन आजाद न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं। दोनों का पुलिस रिमांड लेने का प्रयास किया जाएगा। पूर्व सचिव जमानत पर रिहा हो चुके हैं। तीनों से पूछताछ होगी।