हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने कंप्यूटर ऑपरेटर्स और वरिष्ठ सहायक अकाउंट भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। वहीं फार्मासिस्ट समेत लिखित एवं छंटनी परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं।
आयोग 11 दिसंबर को इन दोनों पोस्ट कोड के लिए भर्ती परीक्षा का आयोजन करेगा। कंप्यूटर ऑपरेटर्स की लिखित परीक्षा 11 दिसंबर को 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सुबह के सत्र में प्रदेश भर के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
आयोग ने हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला और मंडी में इसके लिए चार परीक्षा केंद्र स्थापित कर दिए हैं। वरिष्ठ सहायक की परीक्षा 11 दिसंबर को दोपहर बाद 2 बजे से 4 बजे तक केवल हमीरपुर में होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों के रोलनंबर एवं एडमिट कार्ड अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
अभ्यर्थी वेबसाइट पर चेक योर एप्लीकेशन स्टेटस पर अपने रोलनंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी हासिल कर सकते हैं। मोबाइल फोन पर भी परीक्षा की जानकारी एसएमएस के जरिये मिलेगी।