राज्य सहकारी बैंक ने अपने कर्मचारियों के होनहार बच्चों को प्रोत्साहन राशि देने की योजना चलाई है। शनिवार को योजना के तहत दसवीं और जमा दो कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दस बच्चों को 30-30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। बैंक के अध्यक्ष हर्ष महाजन ने शिमला स्थित बैंक मुख्यालय में बच्चों को सम्मानित किया। फैसला लिया गया कि अगले साल से 10 बच्चों की जगह 20 बच्चों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
बैंक प्रबंधन ने नितिका शर्मा, मानसी शमा, रोनित मेहता, शगुन ठाकुर, शिवांगी ठाकुर, अंकुर ठाकुर, शालिनी, श्वेता, आकृति और माणिक्य को 30-30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। हर्ष महाजन ने बताया कि बैंक ने यह परंपरा साल 2015 में शुरू की थी। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बैंक सम्मानित करता है।
महाजन ने सभी पुरस्कृत बच्चों को बधाई देते हुए उनके आने वाले जीवन के लिए सफलता की कामना की। उन्होंने अभिभावकों का आह्वान करते हुए कहा कि आज के परिवेश में यह आवश्यक है कि बच्चों को किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त रखा जाए। बच्चों को अपना लक्ष्य खुद चुनने की स्वतंत्रता दी जाए।
ताकि सफलता उनके कदम चूम सके। बैंक के प्रबंध निदेशक गोपाल शर्मा ने पुरस्कृत बच्चों में लड़कियों की अधिक संख्या होने पर खुशी जताई। इस अवसर पर बैंक के महाप्रबंधक डा. जेएस कालरा, डा. आरपी नेंटा, बैंक कर्मचारी संघ के महासचिव गिरीश मेहता सहित कई अन्य अफसर मौजूद रहे।