हिमाचल प्रशासनिक सेवा की मुख्य परीक्षा 15 से 23 नवंबर तक होगी। राज्य लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को मुख्य परीक्षा के लिए अनिवार्य और वैकल्पिक विषयों की डेटशीट जारी कर दी है। अनिवार्य विषयों की परीक्षा 15 से 21 नवंबर तक दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
वैकल्पिक विषयों की परीक्षा 23 नवंबर को सुबह नौ से 12 बजे और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। एचएएस की मुख्य परीक्षा के लिए 1100 ने क्वालीफाई किया है। आयोग के सचिव एचएस चौधरी ने बताया कि जल्द ही परीक्षार्थियों के नाम, रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
24 जून 2018 को 21844 उम्मीदवारों ने प्रारंभिक परीक्षा दी थी। 23 अगस्त को राज्य लोक सेवा आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा 2018 का परिणाम घोषित किया था। राज्य लोक सेवा आयोग के अनुसार एचएएस की प्रारंभिक परीक्षा के लिए 47547 उम्मीदवारों ने आवेदन किए थे।
इनमें से 43402 उम्मीदवारों के फार्म प्रारंभिक परीक्षा देने के लिए सही पाए गए थे। 24 जून 2018 को हुई परीक्षा में 21844 उम्मीदवारों ने भाग लिया। इनमें से 1100 उम्मीदवारों ने मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया है।
अनिवार्य विषयों की डेटशीट
15 नवंबर को अंग्रेजी, 16 नवंबर को हिंदी, 17 नवंबर को निबंध, 19 नवंबर को जनरल स्टडी वन, 20 नवंबर को जनरल टू और 21 नवंबर को जनरल स्टडी थ्री विषय की परीक्षा होगी। मुख्य परीक्षा देने के लिए यह सभी अनिवार्य विषय हैं। दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक इन विषयों की परीक्षा होगी।