राज्य लोक सेवा आयोग ने पांच जून को ली गई हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक एवं संबद्ध सेवाएं (प्रारंभिक) परीक्षा-2015 का परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें प्रवेश के लिए इस वर्ष 43,509 आवेदन मिले।
गत वर्ष इनकी संख्या 45,373 थी। 38,384 अभ्यर्थियों को परीक्षा में अस्थायी रूप से प्रवेश दिया गया। परीक्षा में कुल 22,073 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें 534 अभ्यर्थियों को प्रदेश प्रशासनिक एवं संबद्ध सेवाएं की मुख्य परीक्षा के लिए आयोग ने उत्तीर्ण घोषित किया है।
परिणाम आयोग की वेबसाइट www.hp.gov.in/hppsc पर उपलब्ध है। आयोग के अध्यक्ष केएस तोमर ने यथा प्रस्तावित समय पर परीक्षा परिणाम घोषित होने पर संतोष जताया है। कहा कि आयोग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों एवं व्यवस्थित योजना के संचालन से यह संभव हो सका है।