हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रदेशभर में पंचायत वार्डों के पुनर्सीमांकन (डि-लिमिटेशन) की प्रक्रिया सोमवार से शुरू कर दी गई है। सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश जारी करते हुए तीन दिन के भीतर वार्डों की जनसंख्या और उनकी सीमाएं निर्धारित करने को कहा है। साथ ही इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट भी सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायतीराज विभाग ने 64 नई पंचायतों को गठित किया है। ऐसे में वार्डों की सीमाएं और जनसंख्या प्रभावित हुई है। ऐसे में पंचायत चुनाव से पहले वार्डों का पुनर्सीमांकन करना आवश्यक हो गया है, जिससे प्रत्येक वार्ड में जनसंख्या के आधार पर संतुलन बनाया जा सके और चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।