यस बैंक का पैसा डूबने पर बुधवार को सदन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री में खूब तनातनी हुई। बजट पर चर्चा शुरू करते हुए नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सीएम बताएंगे कि यस बैंक में पैसा डूबने पर सरकार क्यों सोई रही। क्या मजबूरी थी कि इस बैंक को प्रमोट कि या गया। इस पैसे को डूबने से बचाया जा सकता था।
मुकेश अग्निहोत्री ने सदन में कहा कि स्मार्ट सिटी के 75 करोड़ रुपये यस बैंक में पड़े थे। सबने पैसा निकाल दिया, पर यहां सब सोए रहे। इस पर सीएम जयराम ठाकुर ने अग्निहोत्री को कहा कि यस बैंक 2004 में उनकी ही सरकार के समय में आया।
डिपॉजिट उनकी सरकार के दौरान शुरू हुए। इस बात के लिए कहना चाहते हैं कि जो पैसा है, उसे डूबने नहीं दिया जाएगा। यह सब दुर्भाग्यपूर्ण है। निजी सेक्टर का भी इसमें पैसा है। कुल कितना है, इसका ब्योरा ले रहे हैं।