मेधावी विद्यार्थियों को फेल करने के आरोप में सस्पेंड हुए जिला कांगड़ा के दोनों शिक्षकों की डिग्रियों की भी जांच की जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जिला उपनिदेशक को डिग्रियों की जांच के आदेश दिए हैं।
निदेशालय ने जिन स्कूलों में दोनों सस्पेंड शिक्षक तैनात थे, वहां के परीक्षा परिणामों की समीक्षा करने का फैसला भी लिया है।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल बिंटा ने बताया है कि इस मामले को निदेशालय की ओर से बहुत गंभीरता से लिया गया है। हर पहलु की गहनता से जांच की जाएगी।
राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड की जमा दो परीक्षा में हमीरपुर के दो स्कूलों के विद्यार्थियों के गणित पेपर जांचने में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में दो शिक्षकों को सस्पेंड किया गया है।
निदेशालय ने दुर्गेला स्कूल में तैनात गणित लेक्चर बलजीत सिंह और करेरी स्कूल में तैनात डॉ. पवन कुमार भारती को सस्पेंड किया है। दोनों सस्पेंड शिक्षकों को उपनिदेशक कार्यालय कांगड़ा से अटैच किया गया है।
शिक्षकों को सस्पेंड करने के बाद अब निदेशालय ने इन शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता को जांचने का फैसला लिया है।
इस जांच के दौरान देखा जाएगा कि इन्होंने किन कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से पढ़ाई की है।
क्या यह शैक्षणिक संस्थान मान्यता प्राप्त हैं या नहीं? निदेशालय ने एक सप्ताह के भीतर डिग्रियों की जांच करने के आदेश दिए हैं।