न तो समय पर वेतन मिल रहा, न ही पेंशन और भत्ते : जयराम
नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कर्मचारी परेशान हैं। उन्हें न तो समय पर वेतन मिल पा रहा है और न ही पेंशन और भत्ते। एक तरफ हिमाचल में ऋण की सीमा एक लाख 10 हजार करोड़ रुपये पहुंच गई है। बावजूद इसके प्रदेश में सारे विकास कार्य रुके पड़े हैं। पूर्व कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है और उनके मेडिकल बिलों का भुगतान तक नहीं हो रहा है। आज प्रदेशभर में कर्मचारी धरने पर उतरे हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें सरकार में उनके हक नहीं मिल पा रहे हैं। पूर्व कर्मचारियों के पक्ष में भाजपा विधायक उतरे हैं।
घोषणा हुए बीत गया लंबा अरसा, नहीं मिला पैकेज : नेगी
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि आपदा राहत कोष देने की घोषणा किए लंबा समय बीत गया है, लेकिन अभी तक यह राशि प्राप्त नहीं हुई है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भाजपा की ओर से कहा जा रहा है कि केंद्र से 5,000 करोड रुपये राहत पैकेज के रूप में आया है, उसका श्वेत पत्र जारी करने की कांग्रेस मांग कर रही है। इसी के चलते कांग्रेस विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया है। पूर्व कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ओपीएस को बंद करने की बात विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर कर रहे हैं। कांग्रेस ने ओपीएस लागू कर कर्मचारियों को राहत प्रदान की है तो स्पष्ट है कि वह कर्मचारी हितैषी है।
पेंशनरों ने मांगों को लेकर निकाली रैली, पुलिस मैदान में सरकार के खिलाफ गरजे
हिमाचल विधानसभा शीत सत्र के तीसरे दिन शुक्रवार को पुलिस मैदान में मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने रैली निकाली। इस दौरान पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए माैके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं विधानसभा सत्र के चलते वीआईपी मूवमेंट के चलते तपोवन रवाना होने के दौरान दाड़ी में जाम लग गया। वहीं, जयराम ठाकुर ने सुबह 4 दिसंबर को जोरावर स्टेडियम में प्रस्तावित भाजपा की रैली की तैयारियों का जायजा लिया। इस दाैरान भाजपा के अन्य नेता व विधायक भी माैजूद रहे।