पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के टुटीकंडी में घर का ताला तोड़कर 35 हजार रुपये की नकदी और चांदी के गहने चोरी करने का मामला सामने आया है। वारदात डोगरा लॉज के पास 103 टनल क्षेत्र में हुई। घर के मालिक की शिकायत पर बालूगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विजय गौतम ने बताया कि वह टुटीकंडी के डोगरा लॉज के पास रहते हैं। 19 अक्तूबर को जब वह घर पर नहीं थे उस दौरान अज्ञात व्यक्ति मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। आरोपियों ने घर के अंदर रखे सामान की तलाशी ली और कमरों में सामान बिखेर दिया। इसके बाद अलमारी और लॉकर तोड़कर उसमें रखी 35 हजार रुपये की नकदी, चांदी की दो चेन, एक जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछुए चोरी कर लिए।
घर लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने बालूगंज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया। बालूगंज थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।