भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच 15 सितंबर को होने वाले टी-20 क्रिकेट मैच के लिए धर्मशाला के होटल पैक हो गए हैं। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज, नड्डी और धर्मकोट सहित अप्पर धर्मशाला के होटलों में सन्नाटा पसर गया है।
इन होटलों में 10 से 15 प्रतिशत तक ही ऑक्यूपेंसी रह गई है। जिला मुख्यालय के साथ लगते होटल पूरी तरह से पैक हो चुके हैं। पर्यटन निगम के होटल भी पूरी तरह से पैक हैं। निगम के होटलों में 95 के करीब आक्यूपेंसी दर्ज की गई है।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अश्वनी ने बताया कि मैक्लोडगंज, भागसूनाग, नड्डी और धर्मकोट स्थित होटल पूरी तरह से खाली हैं। इन होटलों में 10 से 15 प्रतिशत तक ही ऑक्यूपेंसी बची है।
होटल व्यवसायियों ने क्रिकेट प्रेमियों को अपने होटलों में खींचने के लिए 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया है, बावजूद इसके उनके होटल पूरी तरह से खाली हैं। पर्यटन निगम कांगड़ा के एजीएम अश्वनी सोनी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मैच के चलते निगम के होटल पूरी तरह से पैक हैं।
होटल कुनाल और धौलाधार को एचपीसीए ने बुक करवाया है, जबकि अन्य होटलों में भी मैच के चलते ऑक्यूपेंसी 95 प्रतिशत तक है। उन्होंने कहा कि निगम के होटलों में तीन दिन के लिए बुकिंग दर्ज की गई है।