34वीं अखिल भारतीय डाक वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मेजबान हिमाचल प्रदेश की टीम ने कर्नाटक को सीधे तीन सेटों में 25-20, 25-23 और 25-22 हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया। पश्चिम बंगाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में हिमाचल टीम के रमन कुमार को मोस्ट वेल्यूएबल प्लेअर के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा कर्नाटक के विनायक को बेस्ट सेंटर, कर्नाटक टीम के ही रायशन को बेस्ट अटैकर, हिमाचल टीम के लवीश को बेस्ट यूनिवर्सल, हिमाचल टीम के अमित को बेस्ट ब्लॉकर, राजस्थान टीम के कमलेश को बेस्ट लिबरो चुना गया। प्रतियोगिता का पारितोषिक वितरण समारोह गेयटी थियेटर में करवाया गया।
इसमें राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। नगर निगम के उप महापौर राकेश कुमार शर्मा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। डाक सेवा बोर्ड के सदस्य अशोक पाल सिंह और हिमाचल प्रदेश की चीफ पोस्ट मास्टर जनरल स्मिता कुमार, निदेशक डाक सेवाएं दिनेश कुमार मिस्त्री भी मौजूद रहे।