हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिqले की जयसिंहपुर तहसील के सकोह खेल मैदान में हुड़दंग मचा रहे युवकों ने पुलिस टीम पर तेजधार हथियार (दराट) से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में आलमपुर चौकी के एएसआई विजय कुमार बाल-बाल बचे, जबकि बीच-बचाव करने आए एक स्थानीय युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सकोह मैदान के पास कुछ युवक हंगामा कर रहे हैं। जब एएसआई विजय कुमार और आरक्षी गोपाल सिंह मौके पर पहुंचे, तो आरोपी रोहित और साहिल उग्र हो गए।