हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में पाई जाने वाली दुनिया की अनोखी और दुर्लभ प्रजाति चंबा सेक्रेड लंगूर (चंबा पवित्र लंगूर) के विलुप्त होने के खतरा मंडराने लगा है। हाल ही में करवाई गई गणना में पाया गया कि जिले में इस प्रजाति के केवल 250 लंगूर ही बचे हैं। लगातार घटती संख्या को देखते हुए वन विभाग ने इनके संरक्षण को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। वन विभाग जंगलों से सटे इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को जागरूक कर रहा है। उन्हें समझाया जा रहा है कि यह लंगूर प्रजाति न केवल चंबा की बल्कि पूरी दुनिया की प्राकृतिक धरोहर है, जिसे बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
चंबा सेक्रेड लंगूर पूरी दुनिया में केवल चंबा जिले में पाया जाता है। इसकी संख्या काफी घट चुकी है। ऐसे में वन विभाग इस दुर्लभ प्रजाति को बचाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। स्थानीय लोगों को भी इस मुहिम में शामिल किया जा रहा है ताकि हम मिलकर इस अनमोल धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रख सकें।-अभिलाष दामोदरन, मुख्य वन अरण्यपाल, चंबा