शनिवार को दोपहर के समय हो रही बारिश के दौरान घूमते सैलानी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजधानी शिमला, ऊना, धर्मशाला और सोलन में शनिवार दोपहर बाद बादल झमाझम बरसे। रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 27 और 28 अगस्त को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। 29 अगस्त को फिर मौसम साफ रहने के साथ धूप खिलने के आसार हैं। शनिवार को प्रदेश में 73 सड़कें और 53 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। जिला शिमला में 35, मंडी में 20, कांगड़ा में 9, कुल्लू में 6, किन्नौर में दो और ऊना में एक सड़क अभी भी बंद है।
प्रदेश में शनिवार सुबह के समय शिमला में बादल और धुंध छाई रही। दोपहर करीब सवा एक बजे से ढाई बजे तक शहर में भारी बारिश हुई। शिमला में 11, धर्मशाला में 28, ऊना में 15, सोलन में 37, जुब्बड़हट्टी में 11 और बरठीं में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। हमीरपुर के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।
शनिवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 34.4, ऊना में 32.8, हमीरपुर में 32.4, चंबा में 32.7, सुंदरनगर में 32.5, भुंतर में 33.0, शिमला में 23.1, धर्मशाला में 29.0, नाहन में 29.4, सोलन में 29.0, मनाली में 23.8, कांगड़ा में 33.3 और मनाली में 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उधर, शुक्रवार रात को धर्मशाला, ऊना, पालमपुर, मंडी और डलहौजी में बादल बरसे। अन्य जगह मौसम साफ रहा।