हिमाचल प्रदेश का मौसम: जसरथ गांव
- फोटो : अमर उजाला
बारिश-बर्फबारी के पूर्वानुमान के बीच मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में सामान्य से चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बुधवार को मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में अंधड़, बिजली गरजने और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। तीन से पांच फरवरी तक पूरे प्रदेश में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। प्रदेश में कई दिनों बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। मंगलवार को मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया था लेकिन सभी क्षेत्रों में धूप खिली रही। सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान -9.1, कल्पा में -1.4, मनाली में 0.6, मंडी में 1.1, भुंतर में 2.1, सुंदरनगर-सोलन में 2.3, ऊना में 3.8, चंबा में 3.6, कांगड़ा में 4.4, डलहौजी में 4.3, कुफरी में 4.0, धर्मशाला-हमीरपुर में 4.8, बिलासपुर में 5.0, शिमला में 6.8 और नाहन में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
बिलासपुर 25.5
हमीरपुर 25.2
ऊना 24.7
सुंदरनगर 23.5
कांगड़ा 23.4
सोलन 23.2
भुंतर 22.0
नाहन 21.2
चंबा 20.8
शिमला 16.0
धर्मशाला 15.6
कल्पा 12.1
डलहौजी 8.9
केलांग 0.5
बर्फीले इलाकों में न जाने की हिदायत
वहीं, कुल्लू जिला प्रशासन ने पर्यटकों को ऊंचाई व संवेदनशील जगहों पर न जाने की चेतावनी है। हालांकि मंगलवार को घाटी में मौसम सुबह साफ रहा और जिले में जलोड़ी दर्रा के साथ अटल टनल होकर वाहनों की आवाजाही सामान्य रही। जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन के साथ जिला के सभी एसडीएम को मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा है। प्रशासन ने आम लोगों के साथ पर्यटकों को बर्फीले इलाकों की ओर न जाने की हिदायत दी है। दिसंबर माह को हुई बर्फबारी के बाद जलोड़ी दर्रा होकर गुजरने वाले एनएच-305 समेत लाहौल के अंदरूनी मार्गों में निगम की बस सेवा बंद है। मौसम के बदलते तेवर को देखते हुए एचआरटीसी कुल्लू ने प्रभावित रूटों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला पुलिस ने भी पर्यटकों को सुरक्षा को देखते हुए अटल टनल रोहतांग तथा जलोड़ी दर्रा की ओर कोई भी आवाजाही नहीं करने की चेतावनी दी है। सासे ने साउथ पोर्टल में हिमस्खलन की भी चेतावनी जारी की है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों से विशेष एहतियात बरतने की अपील की है। एडीएम कुल्लू एसके पराशर ने कहा कि किसी भी तरह की आपात परिस्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टॉल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।