पांगी घाटी का सड़क संपर्क चंबा से जुड़ा
चंबा जिले के चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर यातायात फिर से बहाल हो गया है। बुधवार देर रात हुई भारी बर्फबारी के कारण साच पास में करीब दो फीट तक बर्फ जम गई थी, जिसके चलते मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया था। मार्ग बंद होने से पांगी घाटी का संपर्क जिला मुख्यालय चंबा से कट गया था। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग पांगी हरकत में आया। विभाग की टीम ने जेसीबी मशीनों के साथ युद्धस्तर पर बर्फ हटाने का कार्य शुरू किया। लगातार कड़ी मशक्कत के बाद विभाग ने मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया है। मार्ग बहाल होने से पांगी घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्दियों में साच पास में अक्सर बर्फबारी के कारण मार्ग बंद हो जाता है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मार्ग बहाली के लिए लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि मार्ग वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है।
23 अक्तूबर तक माैसम साफ
प्रदेश में एक सप्ताह तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के सभी भागों में 23 अक्तूबर तक शुष्क माैसम बना रहने के आसार हैं। धूप खिलने से दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना है। अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान शिलारू में 18.0, रामपुर 7.2, पंडोह 2.3, कुफरी 2.2 व जोत चंबा में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.5, भुंतर 9.5, सुंदरनगर 12.2, ऊना 14.7, नाहन 14.6, केलांग -0.7, पालमपुर 11.0, सोलन 9.5, मनाली 7.2, कांगड़ा 13.1, मंडी 13.2, बिलासपुर 15.5, चंबा 11.6, कुफरी 6.4, कुकुमसेरी -1.1, भरमाैर 12.0, बरठीं 14.7, ताबो 0.2 व बजाैरा में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।