हिमाचल प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम में आए इस बदलाव से मैदानों के साथ अब पहाड़ी क्षेत्रों में भी पसीने छूटने लगे हैं। सुबह और शाम के समय भी मौसम में ठंडक कम हो गई है। लगातार साफ मौसम और तेज धूप के चलते दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश के कई क्षेत्रों में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम रहने के कारण बीते कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है। इसके चलते दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। निचले और मध्य पर्वतीय जिलों में दिन के समय धूप काफी तेज हो गई है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। राजधानी शिमला समेत मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी सुबह और शाम की ठंड अब कम होने लगी है।