शनिवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा, मंडी, सोलन, बिलासपुर और शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। कांगड़ा व हमीरपुर में पारा शून्य तक पहुंच गया है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू के ऊंचे इलाकों में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। कई स्थानों पर पानी पाइपों में जम रहा है।
सुबह-शाम सड़कों पर फिसलन भी बढ़ गई है। उधर, जलाशयों और नदियों से सटे क्षेत्रों में घना कोहरा पड़ रहा है। भाखड़ा, पौंग, कोलडैम और नदियों-जलाशयों के आसपास सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रही। मौसम विभाग ने बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और सोलन व सिरमौर के कई क्षेत्रों में रविवार और सोमवार को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी शिमला और धर्मशाला में शनिवार को सुबह से ही धूप खिली, जिससे दिन के समय ठंड से कुछ राहत मिली। मैदानी और निचले क्षेत्रों में करीब 11 बजे के बाद धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, सूर्य ढलते ही ठंड फिर से हावी हो गई। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर रहने से पर्वतीय इलाकों में भी बर्फ की चादर नहीं बिछ पाई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।