हिमाचल प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। गुरुवार रात को नाहन के अलावा प्रदेश के सभी क्षेत्रों का न्यूनतम पारा पांच डिग्री से कम रिकॉर्ड हुआ। मैदानी जिलों में सुबह और शाम के समय पड़ रही धुंध ने ठंडक काफी बढ़ा दी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में भी सामान्य से तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। प्रदेश के कई क्षेत्रों में पीने के पानी के पाइप जमने से जल संकट भी गहराने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 25 और 26 दिसंबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए हैं। शनिवार को मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है।
राजधानी शिमला में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। दोपहर बाद हल्के बादल उमड़ने से शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित मंडी, सोलन के मैदानी क्षेत्रों में सुबह 11:00 बजे तक धुंध छाई रही। इससे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। शुक्रवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 21.0, कांगड़ा में 20.1, धर्मशाला में 20.0, हमीरपुर-भुंतर में 19.2, ऊना-सुंदरनगर में 19.0, चंबा में 18.7, सोलन-मंडी में 18.0, नाहन में 16.7, शिमला में 13.7, कल्पा में 12.3, मनाली में 12.2, डलहौजी में 8.4 और केलांग में 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उधर, गुरुवार रात को ऊना में न्यूनतम तापमान 1.0, सोलन-मंडी में 0.1, हमीरपुर में 1.7, चंबा में 2.4, शिमला-बिलासपुर में 3.5, कांगड़ा में 4.2, धर्मशाला में 4.9 और नाहन में 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान
कुकुमसेरी - 7.6
केलांग - 7.1
कल्पा - 2.4
सुंदरनगर - 0.4
भुंतर - 0.5
मनाली - 0.4