हिमाचल प्रदेश के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 28 दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। 29 और 30 दिसंबर को शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में नववर्ष पर हिमाचल आने का प्लान बना रहे सैलानियों को बर्फ के दीदार हो सकते हैं। प्रदेश के मध्य पर्वतीय व मैदानी भागों में बारिश होने की संभावना है। विभाग में निचले व मैदानी कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने और सुबह-शाम धुंध छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। 31 दिसंबर से सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। वहीं मैदानी जिलों में धुंध पड़ने का सिलसिला जारी है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। प्रदेश के अधिकतर भागों में शीतलहर बढ़ गई है। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली।
बर्फबारी से शिंकुला दर्रा सैलानियों के लिए बंद
लाहौल-स्पीति घाटी में ताजा बर्फबारी से शिंकुला दर्रे को जोड़ने वाला मार्ग अवरुद्ध हो गया है। अब सैलानी दारचा से आगे नहीं जा सकेंगे। वहीं, काढू नाले के पास भूस्खलन के कारण मनाली-उदयपुर-पांगी मार्ग घंटों तक वाहनों के लिए बंद रहा। सोमवार को शिंकुला पास में ताजा बर्फबारी हुई है। मंगलवार को दारचा से आगे किसी भी पर्यटक वाहन को नहीं जाने दिया। हालांकि, बाहरी राज्यों के पर्यटक शिंकुला पास के लिए निकले थे। इधर, पर्यटक स्थल कोकसर, सिस्सू और वाम तट पर यांगला गांव के समीप पर्यटकों का हुजूम उमड़ रहा है। माइनस तापमान के बीच पर्यटक यहां बर्फ में मस्ती कर रहे हैं। उदयपुर में तैनात 94 केओसी मेजर दीपक भगत ने बताया कि भूस्खलन से अवरुद्ध उदयपुर-किलाड़ सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 4.5, सुंदरनगर माइनस 0.3, भुंतर माइनस 0.4, कल्पा माइनस 3.6, धर्मशाला 6.2, ऊना 3.0, नाहन 8.5, केलांग माइनस 7.9, पालमपुर 3.5, सोलन 2.3, मनाली माइनस 0.6, कांगड़ा 4.2, मंडी 0.3, बिलासपुर 5.0, हमीरपुर 2.2, चंबा 2.3, डलहौजी 4.4, जुब्बड़हट्टी 5.4, कुफरी 2.5, कुकुमसेरी माइनस 5.0, नारकंडा माइनस 0.2, रिकांगपिओ माइनस 0.9, सियोबाग मानइस 0.5, धौलाकुआं 4.5, बरठीं 3.9, पांवटा साहिब 7.0 और सराहन में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है।
अधिकतम तापमान
ऊना में अधिकतम तापमान 23, डलहौजी 9.8, चंबा 21, कुकुमसेरी 5.9, केलांग 2.9, धर्मशाला 21, कांगड़ा 20.4, भुंतर 19, हमीरपुर 19.6, सुंदरनगर 22.4, कल्पा 9.2, रिकांगपिओ 12.5, बिलासपुर 21, शिमला 14.7, सोलन 21 और नाहन में 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।