पांवटा साहिब में 10 जुलाई को बंद रहेंगे सभी शिक्षण संस्थान
गुरुवार को राजधानी शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर, सोलन और किन्नौर जिले में झमाझम बारिश हुई। शिमला के लांगवुड क्षेत्र में भूस्खलन से चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, अग्रवाल धर्मशाला के समीप एमसी पार्किंग का डंगा भी भरभराकर गिर गया। डंगे के साथ दो वाहन नीचे खिसक गए, जबकि नीचे खड़ी अन्य गाड़ियों पर पत्थर गिरे। गुरुवार को रोहतांग दर्रा और ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। गुरुवार को प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हुआ। सिरमौर जिले में मूसलाधार बारिश से हालात सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। पांवटा साहिब उपमंडल में शुक्रवार को सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। जिले में 34 सड़कें बंद हो गईं, जबकि पांवटा साहिब क्षेत्र में 63 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित होने से कई इलाकों में अंधेरा छा गया। कालाअंब में नाला बंद होने से दो उद्योगों के परिसर में पानी घुस गया और सामान को नुकसान पहुंचा। सोलन जिले में कुमारहट्टी के समीप पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने के कारण कालका-शिमला फोरलेन का एक हिस्सा वनवे करना पड़ा।
हिमाचल में 15 जुलाई तक बरसेंगे बादल
उधर, गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इस तरह यह 9 जुलाई को पूरे देश में पहुंच गया है, जबकि आम तौर पर यह 8 जुलाई को पहुंचता है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11 व 12 जुलाई को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दाैरान कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। आज कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 10 से 15 जुलाई तक कुछ भागों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
किस जिले के लिए कब भारी बारिश का अलर्ट
9 जुलाई
सिरमौर जिले में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना। मंडी, शिमला, सोलन, किन्नौर, कांगड़ा और कुल्लू में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना।
10 जुलाई
मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में कुछ जगहों पर भारी बारिश, कांगड़ा में कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश के आसार।
11 जुलाई
चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावन।
12 जुलाई
सिरमौर, मंडी और कांगड़ा जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना और शिमला और सोलन जिले में कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश के आसार।
13 जुलाई
मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर और कुल्लू जिलों में कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
बरसात पर अलर्ट जारी, खड्डों और नालों से दूर रहने की सलाह
प्रशासन ने बरसात के चलते अलर्ट जारी कर लोगों को हिदायत दी है कि खड्डों और नालों से दूरी बनाए रखें। इसके अलावा भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। इसके साथ विभागों को बरसात के मौसम को लेकर हर समय तैयार रहने के लिए कहा है ताकि आपदा के समय तुरंत राहत मुहैया करवाई जा सके।
बनीखेत में मूसलाधार बारिश से बाजार जलमग्न
चंबा के बनीखेत में देर रात हुई मूसलाधार बारिश से बाजार जलमग्न हो गया और आठ स्थायी और करीब 20 अस्थायी दुकानों में पानी घुस गया। तीन बाइकें बह गईं, जबकि एक पुल जलमग्न हो गया। जिले में 54 ट्रांसफार्मर और तीन पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। मंडी जिले के कुंडनी गांव में भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने चार मकानों को खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले के कई इलाकों में दोपहर बाद तेज बारिश हुई, जिससे भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है। ऊना जिले में दोपहर के समय चिंतपूर्णी, गगरेट साथ लगते क्षेत्रों में बारिश हुई। हमीरपुर में दिनभर रिमझिम बारिश जारी रही। कांगड़ा में वीरवार को सुबह से दोपहर बाद तक मौसम साफ रहा। दोपहर बाद साढ़े तीन बजे के करीब धर्मशाला में तेज बारिश शुरू हो गई और धुंध छा गई।
हिमाचल में सितंबर तक खनन पर पूर्ण रोक
हिमाचल सरकार ने मानसून के मद्देनजर प्रदेश में सितंबर तक खनन पर पूर्ण रोक लगा दी है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस अवधि में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल-पंजाब सीमा सहित संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि किसी क्षेत्र से अवैध खनन की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी
बारिश मिलीमीटर में
नाहन 97
सोलन 46
पांवटा साहिब 34
बिलासपुर 24
शिमला 23
धर्मशाला 13