हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को मौसम के कई रंग दिखे। बदले मौसम के बीच धर्मशाला में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई, जबकि राजधानी शिमला में दिनभर बादल छाए रहे और मैदानी जिलों में धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। धर्मशाला में सुबह के समय मौसम साफ था, लेकिन दोपहर बाद अचानक बारिश शुरू हो गई। ऊना में दिनभर मौसम साफ रहा और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।