किस-किस जिले के लिए रेड-ऑरेंज अलर्ट
18 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी, जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 19 जुलाई को कांगड़ा, शिमला और मंडी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, सिरमौर सहित ऊना, बिलासपुर और सोलन में येलो अलर्ट है। 20 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले में कुछ जगहों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का रेड अलर्ट है। जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला और कुल्लू में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के लिए येलो अलर्ट है। 21 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में कुछ जगहों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट है। हमीरपुर, शिमला और सोलन के लिए ऑरेंज, जबकि ऊना, बिलासपुर किन्नौर और लाहौल-स्पीति में येलो अलर्ट है। 22 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है। वहीं चंबा, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सोलन के लिए येलो अलर्ट है।
24 जुलाई तक बरसेंगे बादल
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश में आज आधी रात से 23 जुलाई तक मानसून के सक्रिय रहने की बहुत अधिक संभावना है। 20 और 21 जुलाई को मध्य और उनसे सटी निचले पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी हुआ है। 19, 22 और 23 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट है। 18 व 24 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। 19 से 24 जुलाई तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।
पर्यटकों, स्थानीय लोगों के लिए ये सलाह
- भूस्खलन/धंसने/अचानक बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में जाने से बचें।
- जोखिम वाले इलाकों और ऐसी जगहों पर जाने से बचें जहां अक्सर जलभराव की समस्या होती है।
- सभी जल निकायों (नदियों,धाराओं,छोटी नदियों/नालों) से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- ट्रेकिंग से बचें।
- घर से बाहर की गतिविधियों को सीमित करें।
- जोखिम वाली संरचनाओं (कमजोर इमारतों आदि) से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- गति सीमा और ट्रैफ़िक से जुड़ी सलाहों का पालन करें।
- मौसम की चेतावनियों/सलाहों के बारे में जानकारी रखें।
- राज्य सरकार के अधिकारियों द्वारा जारी ट्रैफिक से जुड़ी सलाहों का पालन करें।