हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 7 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राज्य के कई भागों में 3 व 4 अगस्त के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 5 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में हल्की धूप खिलने के साथ बादल छाए हुए हैं। सोमवार रात को श्री नयना देवी में 36.8, स्लापड़ मंडी 21.6 और शिमला में 15.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर और चंबा जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि चंबा, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर व किन्नौर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पर्यटकों व स्थानीय लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। संबंधित विभागों की ओर से जारी सलाह और दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
196 बिजली ट्रांसफार्मर भी बाधित
उधर, जगह-जगह भूस्खलन के चलते मंगलवार शाम तक प्रदेश में 321 सड़कें और 234 पेयजल योजनाएं ठप रहीं। सबसे ज्यादा सड़कें सेब बहुल क्षेत्र शिमला और कुल्लू जिले में ठप पड़ी हैं, जिससे बागवानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मानसून में अब तक 194 लोगों की जान गई, 728 मकान ढहे
इस बार मानसून में 24 जून से 1 अगस्त तक प्रदेश में 5722.36 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। 194 लोगों की जान गई है। 221 लोग जख्मी हुए हैं। बाढ़ से 728 मकान ढह गए, जबकि 7234 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस दौरान भूस्खलन की 76 और अचानक बाढ़ की 53 घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा 246 दुकानें व 2257 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
22 दिन बाद फोर बाई फोर वाहनों के लिए खुला ग्रांफू-काजा मार्ग
जुलाई के दूसरे सप्ताह में भारी बारिश के चलते बंद हुआ ग्रांफू-काजा मार्ग 22 दिनों बाद बहाल हो गया है। मार्ग में सिर्फ अभी फोर बाई फोर वाहनों की ही आवाजाही हो सकेगी। मार्ग बहाल होने से लाहौल का संपर्क स्पीति से जुड़ गया है। ग्रांफू-काजा सड़क बंद होने से स्पीति का संपर्क लाहौल व मनाली से कटा हुआ था।