मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को कांगड़ा और मंडी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका है। इसके अलावा बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू और सोलन जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आगामी दिनों में चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर सहित कई जिलों में रुक-रुक कर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक बाढ़, नालों और नदियों का जलस्तर बढ़ने, जलभराव, यातायात बाधित होने तथा बागवानी और कृषि को नुकसान की आशंका है। लोगों को नदी-नालों के समीप जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा नहीं करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा बलद्वाड़ा (मंडी) और कसौली (सोलन) में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सराहन और नैना देवी में 3-3 सेंटीमीटर तथा जोगिंदरनगर, कटौला, निचार, पालमपुर, सोलन, सुंदरनगर, नेरी और मनाली सहित कई स्थानों पर वर्षा हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार से पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि अधिकतम तापमान में शुरुआती 24 घंटे के बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।