ऊना जिले में 21-22 मई को बंद रहेंगे सभी प्राइमरी व प्री-प्राइमरी स्कूल
ऊना जिले में हीटवेव के प्रचंड प्रकोप से नौनिहालों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने 21 और 22 मई को सभी प्राइमरी व प्री-प्राइमरी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। जिला दंडाधिकारी डीसी जतिन लाल ने इसे लेकर आदेश जारी किए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों तथा संस्थान प्रमुखों को इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित बनाने को कहा है। जतिन लाल ने कहा कि जिले के विभिन्न हिस्से हीटवेव से प्रभावित हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने भी आगे एक-दो दिन और भीषण गर्मी का अनुमान लगाया है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
मंडी जिले में सुबह 8:00 बजे खुलेंगे स्कूल
वहीं डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला के बालीचौकी, थुनाग व गोहर उपमंडल सहित उपमंडल सुंदरनगर की निहरी तहसील के क्षेत्र में पड़ने वाले स्कूलों को छोड़कर जिला के अन्य सभी उपमंडलों में स्कूलों में खुलने व बंद होने के समय में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में स्कूल सुबह 8:00 बजे खुलेंगे जबकि,दोपहर बाद 1:30 बजे स्कूल बंद होंगे। उन्होंने प्रारंभिक व उच्च शिक्षा उप निदेशक तथा संबंधित एसडीएम को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं । यह आदेश राजकीय व निजी स्कूलों पर तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं।
इन जिलों के लिए हीटवेव का अलर्ट
माैसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और मंडी, कुल्लू जिले में अगले 4 से 5 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव(लू)चलने का अलर्ट जारी किया है। जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन (नालागढ़, बद्दी, परवाणू), सिरमौर (धौलाकुआं, पांवटा साहिब) और कांगड़ा (गगल, नूरपुर, इंदौरा, फतेहपुर, देहरा, जसवां) में भीषण लू चलने का पूर्वानुमान है। राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इस अवधि के दौरान यह सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है। आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
सोमवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 19.2, सुंदरनगर 19.0, भुंतर 14.6, कल्पा 9.8, धर्मशाला 23.9, ऊना 21.4 , नाहन 21.1, केलांग 5.4, पालमपुर 22.5, सोलन 18.6, मनाली 12.1, कांगड़ा 21.8, मंडी 19.2, बिलासपुर 21.0, हमीरपुर 19.5, चंबा 16.9, डलहाैजी 19.4, जुब्बड़हट्टी 22.6, कुफरी 16.8, रिकांगपिओ 13.0, धाैलाकुआं 22.3, कसाैली 22.8, पांवटा साहिब 28.0, देहरागोपीपुर 25.0, ताबो 9.0, मशोबरा 18.0, नेरी 26.7, सैंज 16.2 और बजाैरा में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
बढ़ती गर्मी के चलते स्कूलों में घटी प्रार्थना सभा की अवधि
प्रदेश में बढ़ती गर्मी के चलते स्कूलों में प्रार्थना सभा की अवधि को घटा दिया गया है। शिक्षा निदेशालय ने दस से पंद्रह मिनट में प्रार्थना सभा की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं। बच्चों को भरी धूप के चलते स्कूलों में आने-जाने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह प्रार्थना सभा के दौरान भी कई बच्चे गर्मी के कारण चक्कर खाकर बेहोश हो रहे हैं। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने जिला उपनिदेशकों को पत्र जारी कर प्रार्थना सभा का समय कम करने के निर्देश दिए हैं। खुले मैदान में प्रार्थना सभा करने की जगह कक्षाओं में ही रहकर प्रार्थना करने को कहा गया है।