पर्यटन स्थल मनाली में फिर बर्फबारी, बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी झूमे
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में शनिवार शाम को फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। मनाली के मालरोड़ पर पर्यटकों ने बर्फ के फाहों का खूब आंनद लिया। आसमान से बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी खुशी में झूम उठे। बर्फबारी को देखते हुए सोलंगनला की ओर गए पर्यटक वाहनों को भी वापस मनाली भेजा जा रहा है।
नौहराधार में बर्फबारी।
- फोटो : संवाद
नौहराधार में सीजन का तीसरा हिमपात
सिरमौर व शिमला जिलों की करीब 12 हजार फुट ऊंची चोटी व प्रदेश के प्रसिद्ध आराध्य देव शिरगुल महाराज की तपोस्थली चूड़धार में शनिवार दोपहर बाद बर्फबारी शुरू हुई। वहीं नौहराधार, हरिपुरधार में भी बर्फबारी शुरू हुई। यह इस सीजन का तीसरा हिमपात है। ताजा हिमपात से नौहराधार समेत साथ लगती पहाड़ियां सफेद हो गई हैं। नौहराधार, चूड़धार की चोटी में सोमवार सुबह की शुरुआत धूप खिलने से हुई, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फबारी से ठिठुरन बढ़ गई है। उधर, फरवरी माह के अंत में हुए इस हिमपात के चलते जहां किसानों-बागवानों के चेहरे खिले हैं तो वहीं सूखने लगे प्राकृतिक जलस्त्रोतों को भी संजीवनी मिली है। हरिपुरधार क्षेत्र में पर्यटकों के लिए भी यह बर्फबारी आकर्षण का केंद्र बनी है।
जानें 1 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 1 मार्च तक बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 26, 27, 29 फरवरी और 1 मार्च को राज्य के मध्य व उच्च कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने व बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।
शिमला में शून्य तक गिरा न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 0.0, सुंदरनगर 3.1, भुंतर 2.9, कल्पा -3.8, धर्मशाला 5.2, ऊना 4.2, नाहन 7.0, पालमपुर 2.7, सोलन 1.4, मनाली 1.6, कांगड़ा 5.7, मंडी 4.3, बिलासपुर 4.5, चंबा 5.8, डलहौजी 1.2 , जुब्बड़हट्टी 2.3, कुफरी -2.2, कुकुमसेरी -12.8, नारकंडा -3.8, भरमौर -0.5, रिकांगपिओ -0.8, धौलाकुआं 4.7, बरठीं 2.6, पांवटा साहिब 10.0 और सराहन में 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।