हिमाचल प्रदेश में शीतलहर बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं। सोमवार रात को शिमला समेत प्रदेश के छह क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान शून्य व आठ का माइनस में दर्ज किया गया है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम साफ रहा। मैदानी जिलों में धुंध से भी राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कुछ क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। 19 और 20 जनवरी को मैदानी जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल-स्पीति में 18 से 22 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। बीते दिनों हुई बर्फबारी से मंगलवार शाम तक 113 सड़कों पर आवाजाही ठप रही।
अधिकतम तापमान
ऊना में अधिकतम तापमान 20.2, बिलासपुर में 19.5, भुंतर में 17.6, सोलन में 16.5, कांगड़ा में 16.3, मंडी में 16.2, हमीरपुर में 16.0, चंबा में 15.7, सुंदरनगर में 15.4, धर्मशाला में 15.0, नाहन में 14.2, शिमला में 11.7, मनाली में 9.5, कल्पा में 8.5 और केलांग में 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार रात को सुंदरनगर-भुंतर में न्यूनतम तापमान 0.1, ऊना में 0.5, शिमला में 0.6, हमीरपुर में 0.8, सोलन में 1.8, डलहौजी में 1.2, धर्मशाला में 2.2, कांगड़ा में 3.0, मंडी में 3.2, बिलासपुर में 4.0 और नाहन में 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उधर, लाहौल-स्पीति में 87, कुल्लू में 20, कांगड़ा-शिमला में दो-दो और मंडी-चंबा में एक-एक सड़क ठप है। चंबा जिला में सात बिजली ट्रांसफार्मर और लाहौल-स्पीति व चंबा में दो-दो पेयजल योजनाएं भी प्रभावित रहीं।
इन क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान माइनस में
क्षेत्र न्यूनतम तापमान
केलांग - 11.0
कुकुमसेरी - 7.2
कल्पा - 4.6
मनाली - 2.2
रिकांगपिओ - 1.9
सिऊबाग - 1.2
नारकंडा - 1.1
कुफरी - 0.3