प्रदेश के सभी क्षेत्रों में रविवार को मौसम साफ रहेगा। सोमवार को मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। 23 और 24 मई को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में रविवार को मौसम साफ रहेगा। सोमवार को मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। 23 और 24 मई को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
विज्ञापन
रविवार और सोमवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने से अधिकतम पारे में और अधिक बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है। उधर, जिला कुल्लू की ऊझी घाटी में शुक्रवार देर रात को भारी ओलावृष्टि हुई। घाटी की चार ग्राम पंचायतों में सेब की फसल को नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि होने से सेब के दानों पर दाग पड़ गए हैं। ग्राम पंचायत सरसेई, सोयल, हरिपुर और करजां में शुक्रवार देर रात अचानक मौसम बिगड़ने से ओलावृष्टि हुई।
ढाई घंटे बंद रहा मंडी-पंडोह एनएच
वहीं, मंडी-पंडोह सड़क को शनिवार रात को 12 बजे से 2:30 बजे तक बंद रखकर मलबे को हटाया गया। बता दें कि बार-बार भूस्खलन का मलबा आने से सड़क पर एकतरफा ही आवाजाही हो रही है, जिससे रोजाना जाम लगा रहा है। ऐसे में फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी ने शुक्रवार-शनिवार रात 12 बजे से 2:30 बजे तक ढाई घंटे के लिए मार्ग को बंद रखा और मलबे को हटाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी सागर चंद्र ने बताया कि मार्ग बंद किए जाने पर मंडी से कुल्लू जाने वाले हल्के वाहनों को मंडी बाया कटोला के रास्ते रवाना किया गया, जबकि कुल्लू से आने वाले वाहनों को पंडोह से चैलचौक होकर बग्गी नेरचौक की तरफ भेजा गया।