रेड अलर्ट के बीच मंगलवार अल सुबह से चंबा जिले में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तीसा-चंबा मुख्य मार्ग पर कंदला नाला उफान पर आने से चांजू से चंबा आ रही एक निजी बस मंगलवार सुबह करीब आठ बजे नाले के बीच फंस गई। बस में 20 से 25 यात्री सवार थे, जिन्हें काफी देर तक बस के भीतर ही इंतजार करना पड़ा। जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण चालक ने आगे बढ़ने का जोखिम नहीं उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जेसीबी और अन्य मशीनरी भेजकर बस को सुरक्षित बाहर निकालने की मांग की। लोगों का कहना है कि समय रहते राहत कार्य नहीं किया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
लगातार बारिश के कारण जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 12 संपर्क मार्ग भी बंद हो गए हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क अस्थायी रूप से कट गया है और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मार्गों को बहाल करने में जुटी हैं।
इधर, भटियात विधानसभा क्षेत्र की कामला पंचायत में लगातार बारिश के चलते खग्गल कूहल का पानी प्रारंभिक और माध्यमिक विद्यालय कामला परिसर में घुस गया। देखते ही देखते पूरा स्कूल परिसर तालाब में बदल गया। पानी स्कूल भवन और मैदान तक पहुंचने से विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवाजाही प्रभावित हुई। परिसर में कई स्थानों पर जलभराव और फिसलन की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार भारी बारिश के दौरान कूहल उफान पर आ जाती है, जिससे स्कूल परिसर जलमग्न हो जाता है। उन्होंने प्रशासन से कूहल की निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों की सुरक्षा और पढ़ाई प्रभावित न हो। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और खड्डों के पास न जाने, मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बीच सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में मंगलवार सुबह लोगों को राहत मिली। रातभर लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद सुबह से करीब चार घंटे तक बारिश नहीं हुई। हालांकि आसमान में बादल छाए रहे और मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार 20 जुलाई की सुबह शुरू हुई बारिश दिनभर रुक-रुककर जारी रही। शाम को कुछ समय के लिए मौसम शांत हुआ, लेकिन रातभर तेज बारिश का सिलसिला चलता रहा। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि मंगलवार को भी लगातार बारिश होगी, लेकिन सुबह करीब आठ बजे बारिश थमने से लोगों ने राहत की सांस ली।
बारिश रुकने के बाद लोग आवश्यक कार्यों के लिए घरों से बाहर निकले। बाजारों और सड़कों पर भी सामान्य गतिविधियां धीरे-धीरे शुरू होती दिखाई दीं।
बारिश के कारण जिले में दो-तीन स्थानों पर सड़कों पर मलबा आने और आंशिक रूप से यातायात प्रभावित होने की सूचना मिली है। संबंधित विभाग मार्गों को जल्द बहाल करने में जुटे हैं।
हालांकि अभी तक जिले में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने, नदी-नालों से दूर रहने और बिना जरूरी कारण यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।
कुल्लू और लाहौल में मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। लगातार हो रही वर्षा के कारण जिले में बिजली और सड़क व्यवस्था पर असर पड़ा है। कई क्षेत्रों में लोगों को आवागमन और दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के चलते कुल्लू जिले में 50 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। इनमें कुल्लू विद्युत मंडल के 34 और थलौट क्षेत्र के 16 ट्रांसफार्मर शामिल हैं। इसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार जिले में अब तक सात सड़कें यातायात के लिए बंद हो चुकी हैं। वहीं कई स्थानों पर बारिश के कारण नालियां जाम हो गईं, जिससे पानी सड़कों और गलियों में भर गया और लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ी।
उधर, लाहौल के जाहलमा नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। नाले में आई बाढ़ के कारण फल और सब्जियों से लदे कई वाहन मार्ग में फंस गए हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
राजधानी शिमला में मंगलवार को रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया। सुबह से शुरू हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते शहर की सड़कों पर फिसलन बढ़ गई, जबकि कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।