हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा-ज्वालामुखी सड़क पर गुरुवार को दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे एक बड़ा हादसा हुआ। नवरात्र के दौरान ज्वालाजी मंदिर में लंगर सेवाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक गांव धवाला के पास तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। इनमें से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक में सवार सभी श्रद्धालु पंजाब के जिला मुक्तसर के मलोट गांव के निवासी हैं। ये श्रद्धालु करीब एक सप्ताह पहले ज्वालाजी मंदिर में लंगर सेवा के लिए पहुंचे थे और नवमी के दिन लंगर सेवा समाप्त करके वापस अपने घर लौट रहे थे। ट्रक में लगभग 25-30 लोग सवार थे।