इंटक के पूर्व नेताओं की गलतियों के कारण कई कर्मठ कार्यकर्ता संगठन छोड़ गए थे। ऐसे कार्यकर्ताओं को पुन: संगठन में जोड़ा जाएगा। इंटक की कई यूनिट कमजोर हैं, वहां नए सिरे से चुनाव करवाए जाएंगे।
यह बात हिमाचल परिवहन कर्मचारी महासंघ (इंटक) के प्रदेशाध्यक्ष जगरूप सिंह, महामंत्री दलीप कुमार, रविंद्र सिंह जाट और धर्मशाला इकाई प्रधान विपन कुमार ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से कही।
इन्होंने कहा कि प्रदेश इंटक को अग्रिम पंक्ति के नेताओं ने कमजोर कर दिया था, जिसकी वजह से इंटक पिछड़ गई थी। लेकिन अब इंटक प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित के नेतृत्व में इंटक को मजबूती प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परिवहन कर्मचारी महासंघ की आईआर देने, पीसमील और टीएमपीए कंडक्टरों को नियमित करने सहित अन्य मांगों को परिवहन प्रबंधन के समक्ष उठाया जाएगा। वहीं इस दौरान इंटक प्रदेशाध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा को महासंघ का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा महासंघ में प्रदेशाध्यक्ष की कमान जगरूप सिंह सुखवाल को सौंपी गई है। प्रेम सिंह रावत, प्रदीप सिंह बलौरिया, राजेश कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और रणजोध सिंह, अमित बाबा, धर्म सिंह और शमशेर सिंह जाट को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
दलीप कुमार शर्मा, निसाल अहमद और रविंद्र सिंह जाट को महासचिव, योगिंद्र महाजन, शमशेर सिंह, रतन चंद, नरिंद्र कुमार और कमलेश कुमार को सचिव, संजीव कुमार, सुरिंद्र कुमार, भीमराज, जसवीर सिंह और अनूप कुमार को संगठन सचिव, ऋषि कुमार और कुलदीप चंद को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।