भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से 10 और 11 मई को आयोजित होने वाले प्रस्तावित कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एचपीसीईटी-2025) को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया है। प्रवेश परीक्षा के लिए तकनीकी विवि ने प्रदेश के 15 स्थानों और एक परीक्षा केंद्र चंडीगढ़ में स्थापित किया था। सबसे ज्यादा चार परीक्षा केंद्र कांगड़ा जिले में स्थापित किए हैं। इसके अलावा मंडी जिले में दो, हमीरपुर दो, शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, उना, चंबा, कुल्लू जिले में एक-एक परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है। इस वर्ष पहली बार तकनीकी विवि व संबद्ध शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए 10517 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं, जिसमें स्नातक विषयों में 9782 और स्नातकोत्तर में 735 आवेदन हैं।
बीटेक में 5387, बी फार्मेसी 3408, एमसीए 322 एमबीए 346, बीएचएमसीटी 38, बीएससी एचएम 50, एमएससी फिजिक्स 25, एमएससी पर्यावरण विज्ञान 23 और एमबीए पर्यटन में 11 आवेदन आए हैं। तकनीकी विवि के परीक्षा नियंत्रक कमल देव सिंह कंवर ने कहा कि एचपीसीईटी-2025 की परीक्षा के लिए चंडीगढ़ सहित प्रदेश के 10 जिले में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। लेकिन अब इस परीक्षा को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। 10 मई को सुबह के सत्र में बीटेक (डायरेक्ट एंट्री), बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) व एमएससी भौतिक विज्ञान और शाम के सत्र में एमबीए, एमबीए पर्यटन, एमसीए, बीएससी (एचएम एंड सीटी) व बीएचएमसीटी की प्रवेश परीक्षा और 11 मई को सुबह के सत्र में एमएससी पर्यावरण विज्ञान की प्रवेश परीक्षा प्रस्तावित थी।
नहीं होगा बदलाव, तय तिथियों को ही होंगी एचपीयू की परीक्षाएं
भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण माहौल के बावजूद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्नातक डिग्री कोर्स की रेगुलर और विशेष मौके की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही जारी रहेंगी। वीरवार रात को देश के अलग-अलग राज्यों में हुई गोलीबारी के बाद बने हालात को देखते हुए पंजाब से सटे ऊना जिले में किए गए ब्लैक आउट के बाद शुक्रवार को ऊना और कोटला खुर्द कॉलेज में तय समय पर परीक्षाएं हुईं, इसमें परीक्षार्थियों की उपस्थिति सामान्य रही।
मौजूदा हालात को देखते हुए परीक्षा संचालन को लेकर शुक्रवार को विवि में प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा की अध्यक्षता में विवि के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल, अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम सहित अन्य अधिकारियों ने बैठक की। कुलपति प्रो. एसपी बंसल के मार्गदर्शन में हुई इस बैठक में निर्णय लिया गया, तो फिलहाल विवि की स्नातक डिग्री कोर्स और विशेष मौके में जारी स्नातक डिग्री कोर्स की परीक्षाएं तय तिथियों को ही संचालित की जाती रहेंगी। यदि हालात और खराब होते है, तो प्रदेश सरकार के आदेशानुसार ही विवि परीक्षा, प्रवेश परीक्षा को लेकर निर्णय लेगा। विवि के प्रति कुलपति प्रो. राजेद्र वर्मा ने कहा कि परीक्षाएं जारी रहेंगी।
15 मई तक यूजी परीक्षाएं, 17 को है पहली प्रवेश परीक्षा
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के तय यूजी परीक्षाओं के शेड्यूल के अनुसार 15 मई तक ही परीक्षाएं चलेंगी। इनमें विशेष मौके की परीक्षाओं के लिए शिमला और धर्मशाला दो ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अगले तीन दिन सरकारी अवकाश के चलते कोई परीक्षा नहीं होगी। शेष परीक्षाएं के भी तय समय पर निपट जाने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय की 17 मई को पहली बीसीए और बीसीए की प्रवेश परीक्षा होनी है, यह परीक्षा विश्वविद्यालय में ही होनी है। 27 मई को एचपीयू की बीएड की प्रवेश परीक्षा बड़ी परीक्षा है, जिसका संचालन प्रदेश भर के तय किए 13 परीक्षा केंद्रों में किया जाना है।
आईपीएल की टीमें धर्मशाला से हुईं रवाना
भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति के कारण गुरुवार को मैच बीच में ही रोकना पड़ा था। शुक्रवार को 11 मई का प्रस्तावित मैच भी पहले ही अहमदाबाद शिफ्ट हो चुका है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों को धर्मशाला से दिल्ली भेजने के लिए विशेष व्यवस्था की। बीसीसीआई ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के साथ ही ब्रॉडकास्ट की पूरी टीम को वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली रवाना किया।